कुंदन कुमार, जहानाबाद। जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुरा इमादपुर गांव में बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। धान की रोपाई के दौरान हुए एक बेहद मामूली विवाद में जहां एक देवर ने अपनी ही 22 वर्षीय भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मातम का माहौल है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब नौ बजे घर के सभी अन्य सदस्य धान रोपने के लिए खेतों में गए हुए थे। घर पर केवल मृतका अंशु कुमारी और उसका देवर कुणाल कुमार मौजूद थे। इसी दौरान कुणाल खेत से लौटकर घर आया और उसने अपनी भाभी से खाना मांगा।

​विवाद की असल वजह

​भाभी अंशु कुमारी ने तुरंत खाने की थाली परोसकर कुणाल को दे दी। हालांकि, परोसी गई थाली के पास या हाथों में कुछ मिट्टी लगी हुई थी, जिसे देखकर कुणाल आगबबूला हो गया। इसी छोटी सी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर कुणाल ने अपनी भाभी को जमीन पर पटक दिया और उनके साथ मारपीट करने लगा।

गंडासी से सिर धड़ से अलग

गुस्से में आपा खो चुके कुणाल का मन इतने से भी नहीं भरा। उसने घर में ही रखी एक तेज धारदार हथियार (गंडासी) उठा ली और ताबड़तोड़ कई वार किए। इस भयानक हमले में अंशु कुमारी का सिर धड़ से अलग कर दिया गया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
​मृतका अंशु कुमारी की शादी महज एक साल पहले ही धर्मेंद्र कुमार के साथ हुई थी। उनका मायका अरवल जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के गोनपुरा गांव में है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

​पुलिस की कार्रवाई

​घटना की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के करीब दो घंटे बाद परसबिगहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गहराई से छानबीन शुरू की।
​परसबिगहा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सर्वनारायण ने इस वीभत्स घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्यारोपी देवर कुणाल कुमार को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।