पटना। बिहार के जहानाबाद जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस का सख्त रुख देखने को मिल रहा है। गुरुवार देर रात घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के पास पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी को पैर में गोली लगी है। घायल अपराधी की पहचान बिक्कू सिंह उर्फ रावण के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।

​हत्या के हथियार की रिकवरी के दौरान हमला

​एसपी अराजित लोहान ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 18 मई को चातर गांव में दीपक कुमार शर्मा की हत्या के मामले में बिक्कू सिंह मुख्य आरोपी था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की थी, जिसमें उसने घोसी थाना क्षेत्र की नहर के किनारे हथियार छिपाने की बात स्वीकार की।
​जब पुलिस टीम उसे हथियार बरामद करने के लिए मौके पर ले गई, तो बिक्कू सिंह ने चालाकी दिखाते हुए वहां से हथियार निकाला और अचानक पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली घोसी थाना की सरकारी गाड़ी में जा लगी। हालांकि, सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में अपराधी बिक्कू सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद वह बेबस होकर गिर गया। उसे फौरन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए उसे जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

​क्या था पूरा मामला?

​सोमवार (18 मई) की रात भेलावर थाना क्षेत्र के डेढ़सैया गांव में दीपक कुमार शर्मा की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर बुलेट बाइक पर सवार होकर आए थे। मृतक दीपक और बिक्कू सिंह के बीच पुरानी आपराधिक साठगांठ की बात भी सामने आई है। पुलिस की सघन छापेमारी और जांच के बाद मुख्य आरोपी बिक्कू सिंह का नाम सामने आया, जिसे गिरफ्तार करने के बाद यह मुठभेड़ हुई।

​5 दिनों में बिहार में छठा एनकाउंटर

​राज्य में पिछले पांच दिनों के भीतर पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ की गई यह छठी मुठभेड़ है। इससे पहले सीवान में सोना लूटकांड, पटना में शिक्षक के साथ लूटपाट, पटना में सिक्योरिटी वैन से 27 लाख की लूट और समस्तीपुर में हुई मुठभेड़ों में पुलिस ने अपराधियों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया है। लगातार हो रही इन कार्रवाईयों से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस महकमा अपराध नियंत्रण को लेकर पूरी तरह आक्रामक मोड में दिखाई दे रहा है।