कुंदन कुमार, जहानाबाद। मखदुमपुर थाना क्षेत्र के कचनामा गांव में वार्ड सदस्य के पति कमलेश कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्याकांड में पति की हत्या के आरोप में पत्नी सह वार्ड सदस्य कंचन सिंह समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को मखदुमपुर थाने में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी कोटा किरण कुमार ने पूरे मामले की जानकारी दी।

तकनीकी जांच के आधार पर गिरफ्तारी

एसपी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीडीपीओ, थाना अध्यक्ष और डीआईओ टीम की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मृतक के साला गया जिले के खरखुरा बलुआही निवासी चंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में चंदन ने अपनी बहन कंचन के साथ मिलकर चार अन्य सहयोगियों के साथ हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

अवैध संबंध और प्रताड़ना बना हत्या का कारण

चंदन की निशानदेही पर पुलिस ने गया जिले के पहनहरी निवासी पिंटू कुमार, खुशहालपुर निवासी श्रवण कुमार, बाराचट्टी थाना क्षेत्र के बिंदा गांव निवासी मृतक के साढ़ू रवि कुमार, गया सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोइरिबारी ठाकुरबाड़ी निवासी रंजन कुमार तथा मृतक की पत्नी कंचन सिंह को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे कमलेश कुमार का किसी अन्य महिला से कथित अवैध संबंध और पत्नी के साथ लगातार मारपीट व प्रताड़ना मुख्य कारण बताया गया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल रॉड, दो बाइक और आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

सड़क जाम करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

एसपी ने बताया कि घटना के बाद सड़क जाम करने वालों की भी पहचान की जा रही है। इस मामले में सड़क जाम को लेकर अलग से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि हत्याकांड का तेजी से उद्भेदन करने वाली पुलिस टीम में शामिल कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मखदुमपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- ​विपक्ष पर बरसे मंत्री दिलीप जायसवाल, कहा- अराजकता फैलाने वाले कॉकरोच की तरह भागेंगे