रांची। झारखंड में लंबे इंतजार के बाद आयोजित हुई झारखंड पात्रता परीक्षा (JET)-2024 भी विवादों से घिरने के बाद रद्द कर दी गई है। करीब 18 साल बाद आयोजित इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों को बड़ी उम्मीद थी, लेकिन सरकार के फैसले से विश्वविद्यालयों और अंगीभूत कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की प्रक्रिया एक बार फिर अधर में चली गई है।

सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति पर फिर संकट

JET परीक्षा के रद्द होने का सीधा असर राज्य के विश्वविद्यालयों और अंगीभूत कॉलेजों में होने वाली सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति पर पड़ेगा। जब तक नई पात्रता परीक्षा आयोजित नहीं होती, तब तक इस परीक्षा के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाना संभव नहीं होगा।लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह फैसला बड़ा झटका माना जा रहा है।

PhD में नामांकन की प्रक्रिया भी फंसी

JET परीक्षा का असर सिर्फ सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति तक सीमित नहीं है। पहली बार JET के माध्यम से PhD में नामांकन की प्रक्रिया भी प्रस्तावित थी। अब परीक्षा रद्द होने के बाद पीएचडी में दाखिले की प्रक्रिया को लेकर भी असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।विश्वविद्यालयों को अब आगे की प्रक्रिया को लेकर नए निर्देश और व्यवस्था का इंतजार करना होगा।

18 साल बाद हुई थी परीक्षा

झारखंड में JET परीक्षा का आयोजन लंबे अंतराल के बाद किया गया था। करीब 18 वर्षों के इंतजार के बाद झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की ओर से JET-2024 आयोजित हुई।

यह परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी। अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि परीक्षा के बाद राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नियुक्तियों का रास्ता खुलेगा, लेकिन परीक्षा रद्द होने से अब पूरी प्रक्रिया नए सिरे से शुरू करनी पड़ सकती है।

अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता

JET रद्द होने के बाद अभ्यर्थियों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल नई परीक्षा की तारीख और उसकी प्रक्रिया को लेकर है। सहायक प्राध्यापक बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के साथ-साथ PhD में प्रवेश की तैयारी कर रहे छात्रों को भी आगे की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।

18 साल बाद आयोजित परीक्षा का रद्द होना झारखंड की उच्च शिक्षा व्यवस्था के लिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है। अब सरकार के सामने नई JET परीक्षा जल्द आयोजित कराने और नियुक्ति एवं PhD नामांकन की रुकी प्रक्रिया को दोबारा पटरी पर लाने की चुनौती है।