संजीव कनाना , बहादुरगढ़। झज्जर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी मामले का खुलासा करते हुए शातिर आरोपी अजय को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जहां उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए कीमती आभूषण बरामद किए गए।
यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व और डीसीपी क्राइम शुभम सिंह के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार की टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता एक टाटा एस वाहन चालक है। उसने बताया कि 19 मई 2026 की सुबह वह घर पर ताला लगाकर काम पर गया था। शाम को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारियों से सोने-चांदी के आभूषण चोरी पाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर सोने की अंगूठियां, सोने की चैन, सोने का टीका, चांदी की पायल, चांदी के सिक्के सहित अन्य कीमती सामान बरामद किया गया। बरामद आभूषणों की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से लूट, चोरी, छीना-झपटी और अवैध हथियार रखने सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।
डीसीपी क्राइम शुभम सिंह ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी जांच और टीमवर्क की बदौलत मामले का जल्द खुलासा संभव हो पाया। वहीं पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

