प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले में आपराधिक घटनाएं रुकने का नाम ही नहीं ले रही हैं। ताजा मामले कैमूर जिले से सामने आया है, जहां बेखौफ बदमाशों ने लूट की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। पूरा मामला मोहनिया थाना क्षेत्र के बहुआरा बाजार में स्थित खुशबू ज्वेलर्स का है, जहां बदमाशों ने हथियार के बल पर 25 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और 45 हजार नगद रुपए लूटने के बाद फायरिंग करते हुए भाग निकले।
हथियार बंद 3 बदमाशों ने की लूटपाट
घटना कल रविवार दोपहर की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार होकर पहुंचे हथियार बंद 3 अपराधियों ने इस लूट की इस बड़ी घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि, लॉकर में करीब 25 लाख से अधिक के जेवरात थे और 40 से 45 हजार रुपए नगद थे, जिसे अपराधी लूटकर फरार हो गए।
बंदूक की नोक पर दुकानदार से लूट
पीड़ित दुकानदार आशुतोष कुमार ने बताया कि, उनकी दुकान में पहले एक व्यक्ति आया और उसने लॉकेट दिखाने की मांग की, जैसे ही उन्होंने उसे लॉकेट दिखाने के लिए लॉकर खोला उसने बंदूक मेरे सर पर रखकर बोला कि अगर हल्ला करोगे तो गोली मार देंगे। इतने ही देर में और दो लोग दुकान के अंदर आ गए। तीनों के हाथ में हथियार था। सभी सामान लेकर एक बाेरे में रखकर भागने लगे, जब मैने पकड़ने के लिए हल्ला किया तो उन्होंने फायरिंग करना शुरू कर दिया। मैंने किसी तरह अपनी जान बचाई।
छानबीन में जुटी पुलिस
लूट की घटना को अंजाम देने आए अपराधियों ने घटनास्थल पर ही ग्लब्स, बुर्का, लेडीज पर्स और झोला छोड़कर फरार हुए हैं, जिसे लूट की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी पहचान के लिए दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही वे आरोपियों को गिरफ्तार कर इस लूटकांड का खुलासा करेंगे।
मोहनिया एसडीपीओ का बयान
घटना के संबंध में मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने बताया कि, दोपहर में सूचना मिली कि बहुआरा में ज्वेलरी शॉप में लूट हुई है। अभी क्लियर नहीं है, लेकिन करीब 20 लाख के जेवरात लूटे गए है। तीन की संख्या में अपराधी थे। फायरिंग हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- ‘खान सर ने कराई प्रिंस की हत्या’, तेज प्रताप यादव ने कहा, हमें पूरा यकीन है कि….

