Bihar news: रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध मौत के बाद पटना कोचिंग विवाद ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। प्रिंस यादव के मौत की असली वजह तो अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन परिवार वालों ने इसे एक साजिश बताते हुए हत्या की आशंका जाहिर की है। इस बीच राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे और जजद पार्टी के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने खुलेआम प्रिंस यादव की मौत के लिए खान सर को जिम्मेदार ठहराया है।

‘खान सर ने कराई प्रिंस की हत्या’

तेज प्रताप यादव ने प्रिंस यादव की मौत को एक साजिश बताते हुए कहा है कि, यह एक बहुत ही दुखद घटना है। इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए थी। तेज प्रताप ने सख्त लहजे में कहा कि, अगर इस घटना के लिए हम किसी पर आरोप लगाएंगे तो वो खान सर होंगे। उन्होंने ही हत्या कराने का काम किया है।

‘पीड़ित परिवार को मिलना चाहिए न्याय’

तेज प्रताप यादव ने आगे कहा कि, जो आदमी अपने सुरक्षाकर्मियों को बोलकर खुद ही गोली चलवा सकता है, तो वह किसी की हत्या क्यों नहीं करवा सकता है? उन्होंने कहा कि, हमें पूरा भरोसा और यकीन है कि खान सर ने ही प्रिंस यादव की हत्या करवाई है। उन्हें जेल होनी चाहिए। प्रिंस यादव और रौशन आनंद के परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

गिरफ्तारी के डर से नेपाल में छिपे थे प्रिंस

गौरतलब है कि पटना कोचिंग विवाद में रौशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। रौशन आनंद को तो पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रिंस यादव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में अपने कुछ साथियों के साथ छिपे हुए थे, जिनकी कल संदिग्ध हालत में मौत हो गई।

प्रिंस यादव के मौत की असली वजह, या फिर उनकी मौत से जुड़ा कोई आधिकारिक बयान अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन लोग कहीं न कहीं इस घटना के लिए खान सर को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। वहीं, तेज प्रताप यादव ने तो दो कदम आगे निकलते हुए खान सर को सीधे इस मौत के लिए दोषी ठहरा दिया है।

ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: कोचिंग विवाद प्रकरण में रौशन आनंद को मिली जमानत, घर पर पड़ा है जवान भाई का शव