जमुई। जिले के झाझा रेलवे स्टेशन से रेलवे कर्मियों की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। यहां टिकट जांच के दौरान एक यात्री के साथ टीटी द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे कर्मचारियों के व्यवहार और कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, पीड़ित यात्री जसीडीह से हमसफर एक्सप्रेस सुपरफास्ट ट्रेन में सफर कर झाझा स्टेशन पहुंचा था। बताया जा रहा है कि यात्री के पास सामान्य टिकट था, लेकिन सुपरफास्ट ट्रेन में यात्रा के लिए जरूरी वैध टिकट नहीं था। इसी दौरान टिकट जांच कर रहे टीटी ने उसे पकड़ लिया।

डंडे से पिटाई करने का आरोप

आरोप है कि टीटी यात्री को अपने केबिन में ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री के गले में हरा गमछा है और टीटी उससे पूछताछ कर रहा है। इसी दौरान थप्पड़ मारने और डंडे से पिटाई करने का आरोप लगाया गया है। वीडियो में कुछ अन्य लोगों की आवाजें और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी सुनाई दे रही हैं।

टीटी को 500 रुपये दिए

पीड़ित यात्री की पहचान राजू यादव के रूप में हुई है, जबकि आरोपित टीटी का नाम अमन खान बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, टीटी ने यात्री से 1240 रुपये जुर्माना मांगा था। यात्री के पास पर्याप्त पैसे नहीं थे। उसने टीटी को 500 रुपये दिए और बताया कि उसके फोन-पे खाते में केवल 10 रुपये ही बचे हैं। मामले में यह भी सामने आया है कि यात्री के साथ मौजूद उसके एक साथी के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। हालांकि यह घटना कुछ महीने पुरानी बताई जा रही है, लेकिन वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बन गई है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग रेलवे प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले में रेलवे की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।