० डीईओ रतिंदर होंगे जिला स्तरीय कमांड सेंटर के नोडल अधिकारी

संजीत कबलाना,झज्जर। नीट (यूजी) री-एग्जाम-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए झज्जर जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए जिला स्तरीय कमांड सेंटर स्थापित किया गया है, जहां से परीक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।

डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि मिनी सचिवालय झज्जर के प्रथम तल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला स्तरीय कमांड सेंटर बनाया गया है। परीक्षा के दौरान जिला स्तरीय समन्वय समिति (DLCC) यहां मौजूद रहकर सभी गतिविधियों पर निगरानी रखेगी और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करेगी।

जिला प्रशासन ने डीईओ रतिंद्र सिंह को कमांड सेंटर का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दादरी तोए के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। परीक्षा संचालन में सहयोग के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेड़ी जट के प्रवक्ता कृष्ण कुमार को सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में तैनात किया गया है।

परीक्षा समाप्त होने तक रहेगी निगरानी

प्रशासन के अनुसार सभी अधिकारी 21 जून को परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने तक कमांड सेंटर में तैनात रहेंगे। परीक्षा केंद्रों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की गतिविधियों, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।

पारदर्शी और सुचारू परीक्षा पर फोकस

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि कमांड सेंटर के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए हैं।