झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले के दुबलधन माजरा गांव में शनिवार रात 19 वर्षीय विवाहिता प्रबीना का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल में फंदे से लटका हुआ मिला. प्रबीना की शादी महज 6 महीने पहले फरवरी 2026 में हुई थी. मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रबीना की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है. घटना की सूचना मिलने के बाद बेरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के सिविल अस्पताल में रखवाया गया है.

शादी के कुछ समय बाद ही प्रताड़ना का आरोप

सोनीपत के नीरपुर बांगर निवासी प्रबीना की शादी झज्जर के दुबलधन माजरा निवासी अनीश के साथ हुई थी. अनीश रोहतक PGI में चतुर्थ श्रेणी (फोर्थ क्लास) कर्मचारी है. प्रबीना के चाचा सुरेश ने बताया कि शादी के समय परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था. हालांकि, शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग प्रबीना को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे.

15 हजार रुपये, एसी और वॉशिंग मशीन की मांग

सुरेश के मुताबिक, ससुराल वाले प्रबीना से कभी 15 हजार रुपये तो कभी एसी और वॉशिंग मशीन लाने का दबाव बनाते थे. मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता था. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद ससुराल वालों ने प्रबीना का मोबाइल फोन अपने पास रख लिया था, ताकि वह अपने मायके वालों से आसानी से बातचीत न कर सके.

आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

प्रबीना के ससुराल में उसके पति अनीश के अलावा सास-ससुर और देवर रहते हैं, जबकि ननद शादीशुदा है. शनिवार रात मौत की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग झज्जर पहुंचे. चाचा सुरेश ने आरोप लगाया कि दहेज न मिलने पर प्रबीना की हत्या की गई और मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया. परिजनों ने पुलिस से प्रबीना की मौत के जिम्मेदार सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m