झज्जर के गांव सुबाना में 4 साल पुरानी रंजिश के कारण कार सवार चार हमलावरों ने एक युवक पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। हमलावरों ने महज दो मिनट के भीतर करीब 39 गोलियां दागीं, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

झज्जर। जिले के सुबाना गांव में शुक्रवार रात चार साल पुरानी रंजिश के चलते कार सवार चार हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान सुबाना निवासी 24 वर्षीय हितेश उर्फ गुल्लू (पुत्र नरेश) के रूप में हुई है। हमलावरों ने हितेश को संभलने का एक भी मौका नहीं दिया और महज दो ही मिनटों में पूरी वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने दनादन करीब 39 गोलियां दाग दीं, जिसमें से करीब 20 से ज्यादा गोलियां सीधे हितेश को लगीं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में जबरदस्त दहशत का माहौल है।

सोची-समझी टाइमिंग के साथ कार में घेरा, एक साथी बचा

घटनाक्रम को लेकर सुबाना निवासी यतेंद्र ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है कि 15 मई की रात उसका चचेरा भाई हितेश अपनी गाड़ी अंदर करने के लिए ड्राइवर सीट पर बैठा था। तभी बाबेपुर की तरफ से एक काले रंग की बलेनो कार आई और उसने हितेश की गाड़ी के आगे अपनी कार अड़ा दी। कार से चार युवक नीचे उतरे और पिस्तौल निकालकर नजदीक से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। वारदात के समय गाड़ी में हितेश के साथ गांव का ही दीपक उर्फ धबल भी बैठा हुआ था, जो खुशकिस्मती से बचकर भागने में सफल रहा। पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम को मौके पर गाड़ी के चारों तरफ खाली खोल, सिक्के और जिंदा कारतूस बिखरे मिले हैं।

पुलिस ने गठित की तीन टीमें, सीसीटीवी वीडियो वायरल

इस वारदात से जुड़ा करीब 2 मिनट का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रात करीब 10:25 बजे हमलावर वारदात कर भागते दिख रहे हैं। चर्चाएं हैं कि यह मामला साल 2022 की पुरानी रंजिश से जुड़ा है और इसे गैंगवार के रूप में भी देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी गैंगवार की बात से इनकार किया है। डीसीपी क्राइम शुभम सिंह के मुताबिक, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें लगाई गई हैं जो लगातार दबिश दे रही हैं। माछरौली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पड़ोसी गांव गिरधरपुर निवासी प्रदीप उर्फ सिपाही और दिकेश सहित चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।