झज्जर। घर में शुरू हुआ एक विवाद कथित तौर पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग तक पहुंच गया। झज्जर के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में एक महिला पर अपने पति जोगेंद्र को गोली मारने का आरोप लगा है। जोगेंद्र को दो गोलियां लगीं, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसने हिम्मत नहीं छोड़ी और बाइक से खुद थाना पहुंच गया। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
जोगेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह घर की छत पर गया था। उसके अनुसार, इसी दौरान उसकी पत्नी ने छत का दरवाजा बंद कर दिया। किसी तरह नीचे आने के बाद वह एक कमरे में बाबा श्याम की पूजा करने लगा। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।
शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान पत्नी और बेटे ने घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली। इसके बाद जोगेंद्र अपना मोबाइल लेने पड़ोसी के घर चला गया। आरोप है कि जब वह वापस घर लौटा तो उसकी पत्नी ने उस पर गोली चला दी। पहली गोली उसके पैर में लगी।
जोगेंद्र के अनुसार, गोली लगने के बाद वह घर से बाहर निकल गया और दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद वह बाइक लेने गया। आरोप है कि जब वह दोबारा घर पहुंचा तो एक बार फिर उस पर फायरिंग कर दी गई। इस बार गोली उसके पेट में लगी।
पेट में गोली लगने के बावजूद जोगेंद्र बाइक लेकर सीधे सेक्टर-6 थाने पहुंच गया। वहां पुलिसकर्मियों ने उसे घायल हालत में देखा तो तत्काल अस्पताल भिजवाया। सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे ब्रह्मशक्ति अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ब्रह्मशक्ति अस्पताल के डॉक्टर पीयूष के मुताबिक, जोगेंद्र के पैर में लगी गोली आर-पार हो गई थी, जबकि पेट में लगी गोली अंदर फंसी थी। पेट में फंसी गोली निकालने के लिए ऑपरेशन किया गया। डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
पांच लोगों पर केस, पत्नी और बेटा गिरफ्तार
जोगेंद्र ने अपनी शिकायत में पत्नी और बेटे के अलावा ससुराल पक्ष के तीन अन्य लोगों पर भी फायरिंग के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कुल पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल और 28 कारतूस भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपों की कड़ियां जोड़ने के साथ फायरिंग की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामले में सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
- केरल में चाकूबाजी की दो वारदात: वायनाड में लॉटरी विक्रेता पर हमला, पलक्कड़ में सौतेले पिता की हत्या
- IND vs WI 1st ODI: कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जड़ा शतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स
- उत्तराखंड में गहराया बिजली संकट! सरकारी दफ्तरों से शुरू होगी कार्रवाई, देखें क्या है पूरी योजना
- SIR के आरोपों पर नरोत्तम मिश्रा का तंज, कहा- वोट चोरी नहीं, चोरों को वोट देना किया बंद’
- CG News: बाढ़ के बीच फंसे कर्मचारियों का बड़ा रेस्क्यू, एयरलिफ्ट कर निकाला गया सुरक्षित

