सतीश सिंह, झांसी. माफिया अतीक अहमद के परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने निकले अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की गुरुवार को झांसी में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. इस हादसे में उसके साथ मौजूद सोनू खान ने भी मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के फाफामऊ से आबान अहमद अपने साथियों अहजम, मोहम्मद जैद, उमर और सोनू खान के साथ कार से झांसी के लिए निकला था. उनका मकसद झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करना था. लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हाईवे पर उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई.

इसे भी पढ़ें : उमाशंकर सिंह के घर पहुंचीं मायावती, बोलीं- ‘BSP को कभी धोखा नहीं दिया… परिवार चाहेगा तो बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाऊंगी’

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हादसे में आबान अहमद और सोनू खान की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अहजम, मोहम्मद जैद और उमर गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया गया. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है.

गौरतलब है कि अतीक अहमद का बेटा आबान अपने चाचा अली अहमद से मिलने जा रहा था. अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था और वह तब से वहीं बंद है. मुलाकात से पहले ही हुए इस हादसे ने पूरे घटनाक्रम को बेहद दर्दनाक बना दिया.