सतीश सिंह, लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने गुरुवार को दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उमाशंकर सिंह को पार्टी का बेहद समर्पित, ईमानदार और निष्ठावान नेता बताया. इस दौरान मायावती ने यह भी संकेत दिया कि यदि परिवार चाहेगा तो वह उनके बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग देंगी.
‘उमाशंकर सिंह ने कभी BSP के साथ विश्वासघात नहीं किया’
मीडिया से बातचीत में मायावती ने कहा कि उमाशंकर सिंह उन नेताओं में थे जिन्होंने जीवनभर पार्टी की विचारधारा के साथ ईमानदारी से काम किया. उन्होंने कहा कि सत्ता बदलने के बावजूद उन्होंने कभी बसपा का साथ नहीं छोड़ा और अंत तक पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा बनाए रखी. मायावती ने कहा, “उन्होंने कभी पार्टी के साथ विश्वासघात नहीं किया। ऐसे समर्पित नेताओं की कमी हमेशा महसूस की जाएगी.”
इसे भी पढ़ें- मां-बाप करते रहे इंतजार, गड्ढे में मिली बच्चों की लाश… जौनपुर में दर्दनाक हादसा
रक्षाबंधन पर हर साल मिलने आते थे उमाशंकर सिंह
बसपा सुप्रीमो ने भावुक होते हुए कहा कि उमाशंकर सिंह उन्हें अपनी सगी बहन की तरह मानते थे. वह हर वर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर उनसे मिलने आते थे और पारिवारिक आत्मीयता बनाए रखते थे. उन्होंने कहा कि उनके निधन से केवल बसपा ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता ने एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और जनसेवक को खो दिया है.
बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाने का दिया भरोसा
मायावती ने उमाशंकर सिंह के परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि यदि परिवार की इच्छा होगी तो वह उनके बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाने में पूरा समर्थन देंगी. उन्होंने कहा, “अगर परिवार चाहेगा तो उनके बेटे को उनका राजनीतिक उत्तराधिकारी बनाने के लिए मैं हरसंभव सहयोग करूंगी. क्षेत्र की जनता भी यही चाहेगी कि उमाशंकर सिंह के अधूरे कार्य आगे बढ़ें.”
‘जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ रहे’
बसपा प्रमुख ने कहा कि उमाशंकर सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के बीच हमेशा सक्रिय रहते थे. उन्होंने विकास कार्यों के साथ-साथ लोगों के सुख-दुख में भी बराबर भागीदारी निभाई. मायावती ने कहा कि बसपा इस कठिन समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और भविष्य में भी हर संभव सहयोग करती रहेगी.
इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर आफत वाली बारिश! 75 जिलों में अलर्ट, 40 जिलों में भारी बरसात का खतरा; जानिए कब मिलेगी राहत
शिवपाल यादव ने भी दी श्रद्धांजलि
उधर, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव भी दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पहुंचे. उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की. उमाशंकर सिंह के निधन के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का उनके आवास पहुंचना उनके व्यापक राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव को दर्शाता है.

