कृष्ण कुमार मिश्रा, जौनपुर. उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया. बरसठी थाना क्षेत्र के गारोपुर गांव में बुधवार शाम सबमर्सिबल पंप लगाने के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. दोनों बच्चे खेलते-खेलते उस गड्ढे तक पहुंच गए, जो उनके लिए मौत का कुंड साबित हुआ.

हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें- एक ही कमरे में सो रहा था पूरा परिवार… बारिश ने छीन ली 6 जिंदगियां, प्रतापगढ़ हादसे से मचा कोहराम

सबमर्सिबल के लिए खोदा गया गड्ढा बना मौत का कुआं

जानकारी के मुताबिक गारोपुर गांव निवासी अच्छेलाल उर्फ पप्पू गौतम ने सबमर्सिबल पंप लगाने के लिए मंगलवार को बोरिंग कराई थी. इसके लिए जमीन में गहरा गड्ढा खोदा गया था, लेकिन उसे बंद नहीं किया गया. बारिश और आसपास के पानी के कारण यह गड्ढा पानी से भर गया था. यही खुला हुआ गड्ढा बुधवार शाम दो मासूम बच्चों की मौत का कारण बन गया.

खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे में गिरे बच्चे

बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब पांच बजे छह वर्षीय शिवा बिंद पुत्र वीरेंद्र बिंद और आठ वर्षीय आरव बिंद पुत्र अनिल बिंद खेलते हुए घर से निकले थे. इसी दौरान दोनों बच्चे रास्ते में बने पानी भरे गड्ढे के पास पहुंचे और अचानक उसमें गिर गए. गड्ढे में पानी के साथ दलदल भी था, जिसके कारण बच्चे बाहर नहीं निकल सके.

घर नहीं लौटे तो शुरू हुई तलाश

काफी देर तक जब दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. परिवार वालों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्चों की तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित पानी भरे गड्ढे में दोनों बच्चे फंसे मिले. ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए कटवार बाजार लेकर पहुंचे.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बुझ गई जिंदगी की लौ

बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सुरियावां के एक अस्पताल रेफर किया गया. वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया. दो मासूमों की मौत की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई. परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण भी इस हादसे से गहरे सदमे में हैं.

इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर आफत वाली बारिश! 75 जिलों में अलर्ट, 40 जिलों में भारी बरसात का खतरा; जानिए कब मिलेगी राहत

पुलिस जांच में जुटी, खुले गड्ढों पर उठे सवाल

हादसे की सूचना मिलने के बाद बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. ग्रामीणों का कहना है कि खुले गड्ढों को लेकर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए, क्योंकि ऐसे स्थान बच्चों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं. इस घटना ने एक बार फिर खुले और असुरक्षित गड्ढों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.