प्रतापगढ़. उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बारिश के बीच बड़ा हादसा सामने आया है. नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में बुधवार देर रात एक जर्जर दो मंजिला मकान का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार का बड़ा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला.

इसे भी पढ़ें- सियासी गलियारे में शोकः बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, मायावती, CM योगी और सपा सुप्रीमो ने जताया दुख

मलबे में दबा पूरा परिवार, 6 लोगों की मौत

जानकारी के मुताबिक हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता, बेटे नितिन, बहू माधुरी और दो पोते माधो व अद्विक की मौत हो गई. वहीं परिवार का बड़ा बेटा अमन इस हादसे में घायल हुआ है, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. रेस्क्यू के बाद परिवार के सभी सात सदस्यों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया. घायल अमन का इलाज जारी है.

बारिश के बीच गिरा जर्जर मकान, एक कमरे में सो रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि प्रतापगढ़ में बुधवार देर रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही थी. इसी दौरान जर्जर मकान का एक हिस्सा अचानक गिर गया. कमरे में एसी लगा होने के कारण परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे. अचानक हुए हादसे में परिवार के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और सभी मलबे में दब गए. आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया.

सीओ बोले- जर्जर हालत में था मकान

सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मकान गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल है. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में मकान की स्थिति जर्जर दिखाई दे रही थी. लगातार बारिश के कारण कमजोर हुई संरचना के चलते हादसा होने की आशंका जताई जा रही है. मामले की जांच की जा रही है.

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

प्रतापगढ़ हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने अधिकारियों से कहा है कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और घायल व्यक्ति के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर आफत वाली बारिश! 75 जिलों में अलर्ट, 40 जिलों में भारी बरसात का खतरा; जानिए कब मिलेगी राहत

इलाके में पसरा मातम, प्रशासन अलर्ट

एक ही परिवार के छह लोगों की मौत की खबर से महुली मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई. पड़ोसी और स्थानीय लोग हादसे से स्तब्ध हैं. लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में जर्जर मकानों को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है. लगातार हो रही बारिश के बीच प्रदेश के कई जिलों में मकान गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कमजोर और जर्जर भवनों में रहने वाले लोग सावधानी बरतें और खतरे की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं.