लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए बुधवार का दिन बेहद दुखद रहा. बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह का लंबी बीमारी के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया. उमाशंकर सिंह कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे. 2022 के विधानसभा चुनाव में वह बसपा के इकलौते विजयी विधायक बने थे. उनके निधन पर बसपा प्रमुख मायावती, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है.

इसे भी पढ़ें- PDA से हारने वाले सुन लें, PDA में PD मतलब ‘पंडित’ है… अखिलेश यादव का बड़ा बयान, सरकार को घेरते हुए कही बड़ी बात

बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि पार्टी के कर्मठ, ईमानदार और पूरी तरह वफादार नेता उमाशंकर सिंह का निधन अत्यंत दुखद है. उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा की जितनी भी प्रशंसा की जाए, वह कम है. मायावती ने बताया कि उमाशंकर सिंह का पूरा परिवार बसपा परिवार का हिस्सा रहा है और उनके परिवार के सदस्य उन्हें बड़ी बहन का सम्मान देते थे. उन्होंने कहा कि उनके पुत्र से लगातार संपर्क बना हुआ था और निधन की सूचना भी उन्हें उन्हीं से मिली. इस दुख की घड़ी में पूरी बसपा उनके परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक उमाशंकर सिंह का निधन अत्यंत दुखद है. उन्होंने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.

इसे भी पढ़ें- कागज बदले, मां बदली और…नवजात को फर्जी रिकॉर्ड के सहारे सौंपने का खुलासा, जांच के घेरे में अस्पताल

वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन अत्यंत दुखद है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को संबल देने की प्रार्थना करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.