लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा, जबसे भाजपा के लोग लोकसभा चुनाव पीडीए से हारें हैं तबसे पीडीए की तरह-तरह की परिभाषा बनाते हैं, लेकिन वो जान ले पीडीए में पीड़ित पंडित का शार्ट फार्म है. भाजपा जितना पीड़ा देगी, पीड़ा बढ़ाएगी पीडीए उतना ही मजबूत होगा. भाजपा सरकार ने लोगों को बहुत प्रताड़ित किया है. पीड़ा दी है. लोगों को बहुत सी घटनाएं पता है. कानपुर में गाड़ी पलटाई. बस्ती में एक साथी न्याय के लिए गया था. पुलिस के लोगों ने पीट-पीट कर मार दिया. इस सरकार में पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ तो अन्याय हो ही रहा था अब ब्राह्मणों के भी पीछे पड़ गई है. इसके कई उदाहरण है. सरकार को गोरखपुर का हाता नहीं भाता.

इसे भी पढ़ें- कागज बदले, मां बदली और…नवजात को फर्जी रिकॉर्ड के सहारे सौंपने का खुलासा, जांच के घेरे में अस्पताल

आगे अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है. स्वास्थ्य विभाग को तो खुद ही इलाज की जरूरत है. भाजपा सरकार ने पूज्य शंकराचार्य जी को अपमानित किया. कुंभ में त्रिवेणी में स्नान नहीं करने दिया. शंकराचार्य जी को स्नान करने से रोके जाने का दूसरा उदाहरण कहीं नहीं है. शंकराचार्य जी को धरना देना पड़ा. धरने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई. इस सरकार ने बटुकों के साथ अपमान किया. शंकराचार्य जी को डराने के लिए उनपर पास्कों का झूठा मुकदमा लगाया, लेकिन पूज्यनीय शंकराचार्य जी झुके नहीं. वह पूरे प्रदेश में गए. जगह-जगह उनका समाजवादियों ने स्वागत किया समाजवादी लोग शंकराचार्य जी के साथ खड़े रहे.

इसे भी पढ़ें- बाबा’राज’ में बेलगाम ‘क्राइम’! 10-12 दिनों में दर्ज हुए हत्या और जानलेवा हमलों के आधा दर्जन से अधिक केस, पुलिस नाकाम, क्या यही है ‘जीरो टॉलरेंस’?

आगे अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा सरकार से केवल ब्राह्मण समाज के ही नहीं हर समाज के लोग दुःखी हैं. भाजपा ने हर चीज पर संकट खड़ा कर दिया है. भाजपा दूसरों को बदनाम करने के लिए नकारात्मक राजनीति करती है. देश की नई पीढी जेन जी ने इन्हें जवाब दिया है. भाजपा की नकारात्मक राजनीति के पाप का घड़ा भर गया है. युवाओं ने भाजपा को सबक सिखा दिया है. जब वोट पड़ेगा तो भाजपा का पता नहीं चलेगा. समाजवादी पार्टी सबका सम्मान करती है. किसी के साथ भेदभाव नहीं करती है.

इसे भी पढ़ें- ‘क्या मैं इस कुर्सी के योग्य हूं?’ विधानसभा में छलके सतीश महाना के आंसू, भावुक अध्यक्ष को विपक्ष ने फिर घेरा

आगे उन्होंने ये भी कहा कि समाजवादी पार्टी को जब भी मौका मिला है सम्मान देने का काम किया है. आज भी लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क का कोई मुकाबला नहीं है. भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के नाम पर कोई काम नहीं किया. समाजवादी सरकार में बनाए गये लोकभवन में ही प्रतिमा लगायी गयी. समाजवादी पार्टी की सरकार में भगवान के नाम पर बने इकाना अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम को भाजपा ने अटल जी के नाम पर किया. भाजपा के एक रंगी मुख्यमंत्री की भाषा कैसी है, सभी जानते है. समाजवादी पार्टी ने सभी को पहले भी सम्मान दिया है, आगे भी देंगे.