Bihar Crime: बिहार के भोजपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने सिट्टू यादव (मंजीत कुमार) को अपनी प्रेमिका की हत्या के लिए गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवती आरोपी युवक पर शादी का दबाव बना रही थी, जिसे लेकर दोनों के बीच बीते कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि युवक ने अपनी प्रेमिका को मिलने के बहाने झारखंड से बिहार बुलाया और उसकी हत्या कर दी।

29 जून की सुबह मिली थी लाश

पूरा मामला चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव का है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सिट्टू यादव ने अपनी प्रेमिका की हत्या करने के बाद उसके शव को बधार स्थित करहा में फेंक दिया। बीते महीने 29 जून की सुबह इसी स्थान से युवती की लाश बरामद हुई थी।

पुलिस ने जब जांच का दायरा बढ़ाया तो मृतक युवती की पहचान झारखंड की रहने वाली 19 वर्षीय अंजू कुमारी के रूप में हुई, जो गोंडा जिले की निवासी गुलाबी मंडल की बेटी थी। युवती की पहचान होने के बाद उसके पिता ने चरपोखरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस दौरान उन्होंने प्रेम-प्रंसग में अपनी बेटी की हत्या होने की आशंका जताई थी और सिट्टू यादव को नामजद किया था।

बिना बताए घर से निकली थी अंजू

मृतक युवती के पिता ने उस वक्त दिए अपने बयान में यह कहा था कि, सिट्टू यादव के बुलाने पर उनकी बेटी अंजू 26 जून की सुबह बिना किसी को बताए 9 बजे के करीब अपने घर से बिहार के लिए निकली थी। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को उसकी चिंता सताने लगी और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।

परिजन युवती की लगातार तलाश करते रहे। इस बीच 29 जून को उन्हें पुलिस के माध्यम से बेटी के बारे में पता चला। बेटी के मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन आरा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां पर बरामद युवती की शव को रखा गया था। शव की हालत इतनी खराब हो चुकी थी की उसकी पहचान करना भी मुश्किल था।

इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी दोनों में दोस्ती

युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी अंजू का करीब दो महीने पहले आरा निवासी सिट्टू यादव से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। दोनों में धीरे-धीरे बातचीत के दौरान उनकी दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। इस बीच दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे। फिलहाल पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी सिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल हुए हथियार को बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- सांप काटने से 4 वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप