रांची। झारखंड न्यायिक सेवा कैडर के तीन वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। तीनों नवनियुक्त जजों का शपथ ग्रहण समारोह 23 सितंबर 2026 को सुबह 10:15 बजे झारखंड हाईकोर्ट परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित किया जाएगा।

हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक नवनियुक्त तीनों न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राजभवन से कार्यक्रम का शेड्यूल तय होने के बाद हाईकोर्ट प्रशासन ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने आधिकारिक जानकारी दी है।

गढ़वा, साहिबगंज और डालटनगंज के PDJ बनेंगे हाईकोर्ट जज

हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किए गए अधिकारियों में—

मनोज प्रसाद — प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गढ़वा
अखिल कुमार — प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, साहिबगंज
राम शर्मा — प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, डालटनगंज (पलामू)

शामिल हैं। न्यायिक सेवा में अपने अनुभव के बाद अब तीनों अधिकारी झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।

हाईकोर्ट में जजों की संख्या बढ़कर होगी 16

तीनों न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण के बाद झारखंड हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 13 से बढ़कर 16 हो जाएगी। वर्तमान में चीफ जस्टिस एमएस सोनक समेत 13 न्यायाधीश कार्यरत हैं।झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 25 स्वीकृत पद हैं। ऐसे में तीन नए जजों के पदभार संभालने के बाद भी 9 पद रिक्त रहेंगे।