रांची। देश के कई राज्यों में इन्फ्लूएंजा A H1N1 और H3N2 के बढ़ते मामलों के बीच झारखंड स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। दिल्ली, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और राजस्थान में संक्रमण के मामलों को देखते हुए राज्य में निगरानी और बचाव के उपाय तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फिलहाल झारखंड में इन्फ्लूएंजा संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है।
केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से मिले निर्देशों के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने राज्य के सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों और जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलों में लगातार निगरानी के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों को इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण वाले मामलों पर विशेष नजर रखने और स्थिति की लगातार समीक्षा करने को कहा है। अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों को संदिग्ध मामलों की निगरानी के साथ आवश्यक तैयारियां बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
सावधानी और जागरूकता पर जोर
विभाग के अनुसार इन्फ्लूएंजा से बचाव के लिए सावधानी और जागरूकता बेहद जरूरी है। लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर अनावश्यक संपर्क से बचने, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकने और बीमारी के लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।
फिलहाल झारखंड में संक्रमण की पुष्टि नहीं होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन निगरानी बढ़ा दी है, ताकि दूसरे राज्यों में बढ़ रहे मामलों का असर प्रदेश में न फैल सके।


