रमकंडा (गढ़वा)। केंद्र सरकार के प्रस्तावित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी की ओर से 19 सितंबर को रमकंडा प्रखंड मुख्यालय में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। झामुमो ने इसे केंद्र सरकार की खनिज नीति के खिलाफ जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी की है।

कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से भी शामिल होने की अपील

झामुमो नेता राजकिशोर यादव ने कहा कि धरना-प्रदर्शन में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के आम लोगों की भी भागीदारी रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में प्रखंड मुख्यालय पहुंचने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से जुड़े इस प्रस्तावित संशोधन विधेयक का सीधा असर झारखंड के हितों पर पड़ सकता है। ऐसे में पार्टी इस मुद्दे पर सरकार के सामने अपना विरोध दर्ज कराएगी।

विधेयक वापस लेने की मांग

राजकिशोर यादव ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित खान एवं खनिज संशोधन विधेयक को वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के हितों को लेकर किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

झामुमो नेता ने कहा कि 19 सितंबर को होने वाले धरना-प्रदर्शन के जरिए पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे और केंद्र सरकार तक अपनी मांग पहुंचाएंगे।