रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया अपने अहम पड़ाव पर पहुंच गई है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने और मौजूदा विवरण में बदलाव के लिए बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं। वहीं दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद निर्वाचन विभाग आवेदनों और आपत्तियों की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगा।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
नए मतदाताओं ने जमकर किए आवेदन
13 सितंबर तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पहली बार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 के जरिए 4,70,542 आवेदन मिले हैं। इनमें 13 सितंबर को ही 16,224 आवेदन प्राप्त हुए।
यह आवेदन 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र भारतीय नागरिकों की ओर से किए गए हैं। इसके अलावा विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए के तहत 84 आवेदन आए हैं।
नाम हटाने के लिए 5 हजार से ज्यादा आवेदन
मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर भी लोगों ने आवेदन किए हैं। मृत्यु, दूसरे स्थान पर स्थायी रूप से चले जाने या एक से अधिक बार नाम दर्ज होने जैसी आपत्तियों के लिए फॉर्म-7 के तहत 5,576 आवेदन प्राप्त हुए हैं।13 सितंबर को इस श्रेणी में 99 आवेदन दर्ज किए गए।
नाम और पते में बदलाव के लिए करीब 3 लाख फॉर्म
मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता और अन्य जानकारियों को दुरुस्त कराने के लिए फॉर्म-8 के तहत 2,98,871 आवेदन मिल चुके हैं।सिर्फ 13 सितंबर को 12,899 लोगों ने फॉर्म-8 के जरिए संशोधन के लिए आवेदन किया।
15 सितंबर के बाद क्या होगा?
SIR के तहत दावा और आपत्ति दर्ज कराने के लिए 15 सितंबर अंतिम तारीख है। इस अवधि के बाद निर्वाचन विभाग प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच करेगा और पात्रता के आधार पर उनका निपटारा किया जाएगा।
इसके बाद संशोधित प्रक्रिया के आधार पर 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। यानी फिलहाल मतदाताओं के पास अपने नाम और विवरण को लेकर दावा या आपत्ति दर्ज कराने के लिए बेहद कम समय बचा है।



