अजय सैनी, भिवानी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया। परिषद ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर झारखंड पुलिस की ओर से लाठीचार्ज, वॉटर कैनन के इस्तेमाल और गिरफ्तारियों का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विद्यार्थियों की मांगें स्वीकार करने के साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
छात्रों की मांगें स्वीकार करने की मांग
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थी अपने भविष्य और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे हैं। परिषद ने सरकार से विद्यार्थियों की न्यायोचित मांगों को स्वीकार करने की अपील की।
एबीवीपी ने परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल पर जताई नाराजगी
एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री विकास कायत ने कहा कि विद्यार्थी अपने भविष्य और परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता के लिए आवाज उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी बात सुनने के बजाय लाठीचार्ज, वॉटर कैनन और गिरफ्तारी का सहारा लेना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए उनके साथ खड़ी है। सरकार को दमन का रास्ता छोड़कर विद्यार्थियों की मांगों को स्वीकार करना चाहिए।
पेपर लीक को बताया विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा
विश्वविद्यालय इकाई मंत्री सलोनी सैनी ने कहा कि परीक्षा में अनियमितता और पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते हैं, तो उन पर पुलिस बल का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और परिषद इस मामले में उनके साथ खड़ी है।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
नगर सह मंत्री अभिषेक ने कहा कि विद्यार्थियों की मांगें उनके भविष्य और परीक्षा व्यवस्था की शुचिता से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को आंदोलन को दबाने के बजाय विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
आंदोलन जारी रखने की बात
एबीवीपी ने कहा कि विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों और न्यायोचित मांगों के लिए उसका संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान दीपिका, प्रियांशी, रोहित वशिष्ठ, अनुराग, शिव शंकर, इशांत खनगवाल, योजित, मोहित सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


