रांची। झारखंड में शुक्रवार को कई बड़ी घटनाओं ने सुर्खियां बटोरीं। सरायकेला में ठेकेदार संजय डालमिया के घर ED की टीम ने दस्तक दी, वहीं बोकारो के चंद्रपुरा में रिटायर्ड DVC कर्मी और उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। जमशेदपुर में स्कूल जा रहे बच्चों की वैन हादसे का शिकार हो गई, जबकि टिनप्लेट डिवीजन के विस्तार प्रोजेक्ट में एक मजदूर की मौत और दो के गंभीर घायल होने की खबर सामने आई। इसके अलावा CISF DIG और उनके पति के खिलाफ CBI की FIR, CM हेमंत सोरेन की मां की तबीयत बिगड़ने और HEC बाईपास पर अतिक्रमण हटाओ अभियान रुकने की खबर भी अहम रही। पढ़िए झारखंड की आज की सभी बड़ी खबरें एक नजर में…

ED की बड़ी कार्रवाई: ठेकेदार संजय डालमिया के घर पहुंची टीम, सुबह से तलाशी जारी

सरायकेला। सरायकेला में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हलचल बढ़ गई, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ठेकेदार संजय डालमिया के आवास पर पहुंची। पटनायक टोला स्थित उनके घर पर करीब 7 बजे तीन गाड़ियों से पहुंची टीम ने परिसर में तलाशी शुरू की। ईडी के अधिकारी घर के अंदर अलग-अलग जगहों पर दस्तावेज और अन्य सामान की जांच कर रहे हैं।

जमशेदपुर में स्कूल वैन हादसा: डिवाइडर से टकराई टाटा विंगर, 15-17 बच्चे घायल

जमशेदपुर। टेल्को के भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों की वैन हादसे का शिकार हो गई। एन-111 के पास चिन्मया स्कूल के विद्यार्थियों को लेकर जा रही टाटा विंगर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हुए हैं। इनमें दो बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वैन चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं।

टिनप्लेट डिवीजन में दर्दनाक हादसा: मजदूर की मौत, दो गंभीर; सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

जमशेदपुर। टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन में विस्तार परियोजना के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन बाउंड्री के समीप मिट्टी भराई के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) के CCU में भर्ती कराया गया है।

मृतक मजदूर की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार वह बागबेड़ा का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद प्रोजेक्ट साइट पर अफरा-तफरी मच गई।

CISF DIG और आयकर आयुक्त पति पर CBI की FIR, आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच शुरू

बोकारो। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की उप महानिरीक्षक शिप्रा श्रीवास्तव और उनके पति जीवनलाल लाविदिया, जो आयकर विभाग में आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं, के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में CBI ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CM हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल के संचालक और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नितेश प्रिया ने उनके भर्ती होने की पुष्टि की है।

HEC बाईपास पर अतिक्रमण हटाओ अभियान रुका, हाईकोर्ट के आदेश के बाद लौटे JCB

रांची। एचईसी बाईपास रोड पर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद तत्काल रोक दिया गया। गुरुवार को जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी और कुछ अतिक्रमण हटाने के बाद अभियान आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान अधिकारियों को कोर्ट के आदेश की जानकारी मिली, जिसके बाद जेसीबी मशीनों को वापस भेज दिया गया।

बोकारो में डबल मर्डर: रिटायर्ड DVC कर्मी और पत्नी की गोली मारकर हत्या, बेटा गंभीर

बोकारो। चंद्रपुरा के पश्चिम पल्ली में गुरुवार रात अचानक गोलियों की आवाज से इलाका दहल उठा। डीवीसी के आवासीय क्वार्टर एचएम/14 में अज्ञात हमलावरों ने रिटायर्ड डीवीसी कर्मी नरेश सिन्हा के घर को निशाना बनाया। फायरिंग में नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए बोकारो भेजा गया है।