रांची। झारखंड में बुधवार को न्यायपालिका, राजनीति, प्रशासन, खनन, कानून-व्यवस्था और मतदाता सूची से जुड़ी कई महत्वपूर्ण खबरें सामने आईं। झारखंड हाईकोर्ट ने PMLA कार्रवाई को लेकर अहम टिप्पणी की, वहीं SIR के तहत मतदाता सूची में दावा-आपत्ति की अंतिम तारीख बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है। JSSC CGL मामले में CID की जांच भी आगे बढ़ी है। इसके अलावा वरिष्ठ IPS अधिकारी संजय लाटकर को DG रैंक की जिम्मेदारी, पांच खदानों का लीज रद्द करने का फैसला और लोहरदगा में पिता द्वारा बेटे की हत्या जैसी खबरें भी दिनभर सुर्खियों में रहीं। जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड के वांटेड आरोपी की धनबाद पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी भी बड़ी खबर रही।

  1. Jharkhand High Court: मूल अपराध में बरी होने से खत्म नहीं होगा PMLA केस

झारखंड हाईकोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में PMLA की कार्रवाई को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा कि Predicate Offence यानी मूल अपराध में बरी होने मात्र से PMLA के तहत चल रही कार्रवाई स्वतः समाप्त नहीं हो जाती। यदि निचली अदालत के आदेश के खिलाफ अपील का कानूनी रास्ता खुला है या अपील की समय-सीमा समाप्त नहीं हुई है, तो बरी होने के आदेश को PMLA कार्रवाई के खिलाफ अंतिम आधार नहीं माना जा सकता।

  1. ‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस विधायक की मांग, CM को लिखा पत्र

झारखंड कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर सरकारी कार्यक्रमों और विद्यालयों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के शुरुआती दो छंदों को अनिवार्य किए जाने की मांग की है। उन्होंने कर्नाटक और केरल का उदाहरण देते हुए वहां लागू प्रावधानों का हवाला दिया है।

  1. लोहरदगा में पिता ने टांगी से बेटे की हत्या, एक घंटे में गिरफ्तार

कुड़ू थाना क्षेत्र के सलगी गरभू टोली गांव में बुधवार सुबह पिता-पुत्र के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। एक पिता ने अपने बेटे पर टांगी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने करीब एक घंटे के भीतर उसे सलगी जंगल से पकड़ लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर ली है।

  1. Jharkhand SIR: मतदाता सूची में दावा-आपत्ति की डेडलाइन बढ़ी

झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बीच चुनाव आयोग ने पात्र नागरिकों को राहत देते हुए दावा-आपत्ति की समयसीमा बढ़ा दी है। अब प्रारूप मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटाने या विवरण में संशोधन के लिए 30 सितंबर 2026 तक आवेदन किया जा सकेगा। पहले अंतिम तारीख 15 सितंबर निर्धारित थी।

  1. JSSC CGL Exam Scam: आयोग के अधिवक्ता को CID का नोटिस

JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी और फर्जीवाड़े की जांच कर रही CID की SIT ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के अधिवक्ता संजय पिपरवाल को नोटिस जारी किया है। उन्हें पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया है। वहीं, मुख्य आरोपी अभय तिवारी की पत्नी सुषमा कुमारी और भाई अक्षय तिवारी की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी हो चुकी है और अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।

  1. IPS संजय लाटकर को DG रैंक, परमाणु ऊर्जा विभाग में मिली बड़ी जिम्मेदारी

झारखंड कैडर के 1995 बैच के IPS अधिकारी संजय आनंदराव लाटकर को DG रैंक में प्रोन्नति मिली है। उन्हें भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग में DG (Security) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं IAS अधिकारी घोलप रमेश को केंद्रीय उपक्रम में नई जिम्मेदारी संभालने के लिए कार्मिक विभाग से NOC मिल गया है।

  1. Jharkhand Mining: 5 खदानों का लीज आवंटन रद्द

झारखंड सरकार ने वर्षों पहले नीलाम की गई पांच खदानों का लीज आवंटन रद्द कर दिया है। इनमें दो सोना, एक लौह अयस्क और दो ग्रेफाइट खदानें शामिल हैं। निर्धारित समय के भीतर उत्पादन शुरू नहीं होने के कारण यह कार्रवाई की गई है। अब इन खदानों को दोबारा नीलाम करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। खान विभाग के संयुक्त सचिव जियाउल अंसारी ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी की है।

  1. Jamshedpur Murder Case: वांटेड सागर सिंह मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड में वांटेड सागर सिंह उर्फ शिबू धनबाद पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसका इलाज धनबाद के SNMMCH में चल रहा है।