० कई जिलों में येलो अलर्ट जारी, 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं; डाल्टनगंज सबसे गर्म, झींकपानी में सबसे ज्यादा बारिश
रांची। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) का असर अब झारखंड में भी दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके प्रभाव से राज्य में 31 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
डीप डिप्रेशन के कारण बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास बना गहरा दबाव पिछले छह घंटों में लगभग 7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा है। इसके 28 जुलाई की सुबह पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा तट को पार करने की संभावना है, जिसके बाद झारखंड में मानसूनी गतिविधियां और तेज होंगी।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में यह स्थिति 31 जुलाई तक बनी रह सकती है।
30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
28 जुलाई को राज्य के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
झींकपानी में सबसे ज्यादा बारिश, डाल्टनगंज सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम के झींकपानी में सबसे अधिक 61.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


