रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र का असर राज्य में दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
10 सितंबर को रांची समेत राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, इन जिलों में बारिश के साथ वज्रपात भी हो सकता है।
भारी बारिश वाले जिलों में रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं। राज्य के बाकी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
11 सितंबर को बदलेगा अलर्ट का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार, 11 सितंबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है। वहीं रांची समेत अन्य जिलों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
येलो अलर्ट, वज्रपात से सावधानी की अपील
दो दिनों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है।
बुधवार को कांके में 21 मिमी बारिश
इससे पहले बुधवार को झारखंड के संताल परगना और कोल्हान के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। रांची जिले के कांके में 21 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रांची शहर में करीब 1 मिमी बारिश हुई।
बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम के कारण राज्य के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना बनी हुई है।



