रांची। झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 से 25 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

21-22 सितंबर को बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात

21 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान कहीं-कहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ वज्रपात की भी संभावना है।

22 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दिन तेज हवाओं की रफ्तार बढ़कर 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

23 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश के आसार

23 सितंबर को राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है।

दक्षिण-पूर्वी झारखंड:

पूर्वी सिंहभूम
पश्चिमी सिंहभूम
सरायकेला-खरसावां

मध्य झारखंड:

रांची
खूंटी
रामगढ़
बोकारो
धनबाद

इन इलाकों में भारी बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

24-25 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

24 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।वहीं 24 और 25 सितंबर को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन देखने को मिल सकता है।

रांची में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से बादलयुक्त रहने का अनुमान है। 21 सितंबर को एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

22 सितंबर को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 23 से 25 सितंबर के बीच भी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है।