रांची। झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इस दौरान गरज-चमक और वज्रपात को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

15 से 17 सितंबर तक खराब मौसम का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 15 से 17 सितंबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

रांची में सामान्य से थोड़ा अधिक रहा तापमान

सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है।

24 घंटे में नहीं हुई बारिश

राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश दर्ज नहीं की गई। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

वज्रपात के दौरान रहें सावधान

बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। खासकर तेज हवा और वज्रपात की स्थिति में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना बेहतर होगा।