रांची। झारखंड में फिलहाल बारिश से थोड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक रांची और आसपास के इलाकों में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दो दिन बाद फिर करवट लेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान और गुजरात की ओर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। वहीं, अगले दो दिनों के बाद अंडमान क्षेत्र से ओडिशा की ओर एक और साइक्लोनिक सर्कुलेशन बढ़ने की संभावना है। इसका आंशिक प्रभाव झारखंड के मौसम पर पड़ सकता है। इसके चलते कुछ इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

कहीं 35 डिग्री तो कहीं बारिश

शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। रांची का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर और चाईबासा में 35 डिग्री, मेदिनीनगर में 34.6 डिग्री और बोकारो में 31.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं खूंटी में 12.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

झारखंड में कम, रांची में ज्यादा बारिश

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो झारखंड में अब तक सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसके उलट रांची में सामान्य से 11 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवा के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।