रांची। झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने 4 से 8 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, 5 सितंबर की सुबह देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
देवघर समेत 5 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। ऐसे में खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रांची में 30 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
बारिश के बीच राज्य के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं। मौसम विभाग के पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, रांची में 4 सितंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहेगा, जो 7 सितंबर तक बढ़कर 30 डिग्री तक पहुंच सकता है।
वहीं, जमशेदपुर और सरायकेला में 7 सितंबर तक अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री रहने का अनुमान है। पलामू, गढ़वा और चतरा समेत कई जिलों में भी तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है।
10 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा
झारखंड में बारिश के बीच अचानक बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है। फ्लैश फ्लड गाइडेंस के अनुसार राज्य के 10 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ का जोखिम जताया गया है। कई जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में कम से मध्यम स्तर की फ्लैश फ्लड की आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों से वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतने और मौसम खराब होने पर खुले स्थानों, पेड़ तथा बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।



