संजय कुमार, जींद। जिले के असरफगढ़ गांव में नशे के खिलाफ खाप प्रतिनिधियों और जींद पुलिस ने संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम बताए गए। युवाओं को नशे से दूर रहने और गांव को नशामुक्त बनाने की अपील की गई। अभियान में ग्रामीणों, खाप प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
वक्ताओं ने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता। इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस कार्रवाई के साथ सामाजिक स्तर पर भी प्रयास जरूरी हैं।

एसपी बोले- नशे के कारोबारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
जींद के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या को केवल पुलिस के स्तर पर खत्म नहीं किया जा सकता।
एसपी ने कहा कि समाज, पंचायत, खाप प्रतिनिधियों, अभिभावकों और युवाओं को मिलकर इस लड़ाई में आगे आना होगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि आसपास कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है या युवाओं को नशे की ओर धकेलने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
कुलदीप सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
माजरा खाप ने भी ग्रामीणों से आगे आने की अपील की
माजरा खाप के प्रधान सरदार गुरविंदर सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें पूरे समाज को अपनी भूमिका निभानी होगी। खाप, पंचायत और ग्रामीण मिलकर गांवों में नशे के खिलाफ माहौल तैयार करें।
उन्होंने कहा कि युवाओं को इस बुराई से बचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए। यदि किसी गांव में नशे का कारोबार होता है तो ग्रामीणों को चुप रहने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
सरदार गुरविंदर सिंह ने अभिभावकों से बच्चों की संगत और गतिविधियों पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने युवाओं को खेल और शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का लक्ष्य तभी हासिल होगा, जब पुलिस की कार्रवाई के साथ समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी तय हो।
ग्रामीणों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
अभियान के दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने और गांव के युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने के लिए हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया।
पुलिस और खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी तेज की जाएगी।
अभियान में पुलिस और समाज की संयुक्त भूमिका पर जोर दिया गया। संदेश दिया गया कि दोनों मिलकर काम करेंगे तो नशे के खिलाफ लड़ाई और मजबूत होगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक



