जींद। वन विभाग के गार्ड कर्ण सिंह की कीटनाशक पदार्थ खाने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। उनकी पत्नी गीता देवी ने जिला वन अधिकारी (DFO) पवन ग्रोवर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। शहर थाना पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर DFO के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कर्ण सिंह के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
घर पर खाया कीटनाशक, अस्पताल में मौत
जींद के जलालपुरा रोड स्थित रत्न कॉलोनी निवासी गीता देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति कर्ण सिंह वन विभाग में गार्ड के पद पर कार्यरत थे। उनकी तैनाती फिलहाल भिवानी में थी।
शिकायत के मुताबिक, 8-9 सितंबर की रात कर्ण सिंह ने घर पर सल्फास खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कर्ण सिंह दो बेटों के पिता थे। जानकारी के अनुसार, वह करीब एक साल से भिवानी में तैनात थे और पिछले करीब दो महीने से मेडिकल लीव पर थे।
पत्नी ने DFO पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
गीता देवी ने आरोप लगाया कि जींद के DFO पवन ग्रोवर उनके पति को परेशान करते थे। उनके मुताबिक, भिवानी में तबादला होने के बाद भी कर्ण सिंह को परेशान किया जाता रहा।
गीता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि पवन ग्रोवर भिवानी के DFO के साथ मिलीभगत कर उनके पति को परेशान करते थे। शिकायत के अनुसार, कर्ण सिंह इस बारे में कई बार अपनी पत्नी से चर्चा करते थे।
DFO बोले- आरोप पूरी तरह झूठे
DFO पवन ग्रोवर ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि वह पिछले दो दिन से आउट ऑफ स्टेशन हैं। उन्हें कर्ण सिंह की मौत की जानकारी मिली है और इस घटना का उन्हें खेद है।
पवन ग्रोवर के मुताबिक, कर्ण सिंह पहले जींद में तैनात थे और करीब एक साल से भिवानी में पोस्टेड थे। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी ने उन पर आरोप क्यों लगाए, यह वही बता सकती हैं। DFO ने कहा कि उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, गीता देवी की शिकायत पर DFO पवन ग्रोवर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

