जींद: हरियाणा के जींद जिले में बिजली कर्मचारियों और वकीलों के बीच छिड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को सफीदों और नरवाना बार एसोसिएशन ने वकीलों के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय लिया है। दूसरी तरफ, गिरफ्तार लाइनमैन की जमानत को लेकर बिजली कर्मचारियों द्वारा दिए गए अल्टीमेटम की अवधि भी आज समाप्त हो रही है, जिससे जिले की अदालतों और बिजली सप्लाई व्यवस्था पर बड़ा संकट मंडरा रहा है।

16 सितंबर की रात पावर हाउस में हुआ था विवाद

विवाद की शुरुआत 16 सितंबर की रात को हुई थी, जब अधिवक्ता प्रवीण बूरा शिकायत दर्ज कराने सफीदों के गांव हाट स्थित पावर हाउस पहुंचे थे। आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने की बात पर वकील और बिजली कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हो गई। मामला इतना बढ़ा कि लाइनमैन रवि और कर्मचारी मनीष ने अधिवक्ता के साथ मारपीट कर दी, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं।

पुलिस ने SDO समेत 5 पर दर्ज किया केस

अधिवक्ता प्रवीण बूरा की शिकायत पर सफीदों पुलिस ने तत्कालीन एसडीओ (SDO) समेत 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस कार्रवाई के तहत लाइनमैन रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी कर्मचारी मनीष की अग्रिम जमानत याचिका को कोर्ट सोमवार को ही खारिज कर चुका है।

गांव हाट में 10वें दिन भी धरना और एसडीएम दफ्तर का घेराव

घटना के विरोध में गांव हाट स्थित पावर हाउस के सामने ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का धरना लगातार 10वें दिन भी जारी है। धरने पर बैठे लोगों ने सोमवार को सफीदों में एसडीएम कार्यालय का घेराव कर अपना विरोध जताया था। ग्रामीण और किसान आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

वकीलों का वर्क सस्पेंड, अदालतों में काम प्रभावित

सफीदों बार प्रधान पुरुषोत्तम राणा और जींद एडहॉक कमेटी के पदाधिकारी हरिमोहन शर्मा ने बताया कि अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट के विरोध में मंगलवार को भी नरवाना और सफीदों में वकीलों का वर्क सस्पेंड रहेगा। पहली बार शुक्रवार को वकीलों ने काम बंद किया था। वकीलों की हड़ताल के कारण अदालतों में तारीख पर आने वाले आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली कर्मचारियों का अल्टीमेटम खत्म, प्लास डाउन हड़ताल की चेतावनी

यूनिट महासचिव सुरेश खर्ब ने बिजली कर्मचारियों का पक्ष रखते हुए कहा कि पहले उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और अब राजनीति के तहत उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों द्वारा दिया गया अल्टीमेटम आज खत्म हो रहा है। कोर्ट में गिरफ्तार लाइनमैन की पेशी के बाद कर्मचारियों की अहम मीटिंग होगी, जिसमें परिस्थितियों के अनुसार प्लास डाउन और पैन डाउन हड़ताल पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m