जींद। जिले के नरवाना में आर्य कन्या महाविद्यालय स्थित बूथ नंबर 142 पर वोट बनवाने को लेकर BLA-2 जोगिंदर सैनी और महिला BLO के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि कहासुनी के दौरान महिला BLO के चप्पल निकालकर दिखाने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि घटना रविवार की है। जोगिंदर सैनी ने महिला BLO पर अभद्र व्यवहार और चप्पल से मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

वोटर कार्ड बनवाने पहुंचे थे जोगिंदर सैनी
जानकारी के मुताबिक, BLA-2 जोगिंदर सैनी अपने मोहल्ले के एक व्यक्ति का वोटर कार्ड बनवाने के लिए बूथ नंबर 142 पहुंचे थे। इसी दौरान किसी रिकॉर्ड को लेकर उनकी महिला BLO से बहस हो गई। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।विवाद के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सामने आया है।
वीडियो में हाथ में चप्पल लिए दिखीं महिला BLO
वीडियो में महिला BLO हाथ में चप्पल लिए दिखाई दे रही हैं। वीडियो में वह जोगिंदर सैनी से कथित तौर पर कहती सुनाई दे रही हैं, “जहां जाना है मेरी शिकायत कर, SDM को कर या प्रधानमंत्री को कर।”
महिला BLO यह भी कहती सुनाई दे रही हैं कि जो उनके साथ बदतमीजी करेगा, उसका काम वह नहीं करेंगी।
BLA-2 का आरोप- चप्पल से मारने की कोशिश की
जोगिंदर सैनी का आरोप है कि वह अपने मोहल्ले के एक व्यक्ति का वोट बनवाने गए थे। उनके मुताबिक, संबंधित व्यक्ति के माता-पिता का निधन हो चुका है। इसी बात को लेकर बातचीत के दौरान महिला BLO ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। जोगिंदर सैनी के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद महिला BLO ने चप्पल निकालकर उन्हें मारने की कोशिश की। उन्होंने सार्वजनिक रूप से बेइज्जत किए जाने का भी आरोप लगाया।
संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
जोगिंदर सैनी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।हालांकि, वायरल वीडियो और जोगिंदर सैनी की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। महिला BLO का पक्ष भी फिलहाल सामने नहीं आया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


