Technology Desk : भारतीय टेलीकॉम सेक्टर में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। देश की प्रमुख प्राइवेट टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea (Vi) और सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने अपने नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर शेयरिंग समझौते को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। अब दोनों कंपनियां एक-दूसरे के नेटवर्क और इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल कर सकेंगी।

अभी तक BSNL और Vi के बीच सीमित क्षेत्रों में नेटवर्क शेयरिंग की व्यवस्था थी। अब इसे देश के सभी टेलीकॉम सर्किलों तक बढ़ाने की तैयारी है। इससे दोनों कंपनियों की नेटवर्क पहुंच बढ़ सकती है और कई इलाकों में ग्राहकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
एक-दूसरे के नेटवर्क का मिलेगा फायदा
इस व्यवस्था के तहत जहां BSNL का नेटवर्क कमजोर होगा, वहां उसके ग्राहक Vi के नेटवर्क का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसी तरह Vi के ग्राहक भी उन इलाकों में BSNL के नेटवर्क का फायदा उठा सकेंगे, जहां Vi की कवरेज कम है। नेटवर्क शेयरिंग के साथ दोनों कंपनियां अपने टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर का भी बेहतर इस्तेमाल कर पाएंगी। इससे नए टावर लगाने और नेटवर्क विस्तार पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिल सकती है।
सीमित क्षेत्रों से अब पूरे देश तक विस्तार
BSNL और Vi पहले से कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में एक-दूसरे के नेटवर्क का इस्तेमाल कर रही थीं। अब इस साझेदारी को बड़े स्तर पर लागू करने की तैयारी है। अगर यह व्यवस्था सभी टेलीकॉम सर्किलों में लागू होती है, तो दोनों कंपनियों की नेटवर्क कवरेज में बड़ा विस्तार देखने को मिल सकता है। खासकर उन ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों में इसका फायदा मिल सकता है, जहां किसी एक कंपनी का नेटवर्क कमजोर है।
टेलीकॉम सेक्टर में क्यों अहम है यह कदम?
भारतीय टेलीकॉम बाजार में Reliance Jio और Bharti Airtel का मजबूत दबदबा है। ऐसे में BSNL और Vi का एक-दूसरे के नेटवर्क का इस्तेमाल करना दोनों कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दोनों कंपनियां अपने मौजूदा संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करके नेटवर्क क्षमता बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं। इससे ग्राहकों को ज्यादा नेटवर्क विकल्प और बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकती है। हालांकि, इस नेटवर्क शेयरिंग से रिचार्ज प्लान सस्ते होंगे या नहीं, इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।


