Bihar Politics: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी इन दिनों राजद पर लगातार हमलावर हैं। एनकाउंटर और कानून व्यवस्था को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच मांझी ने तेजस्वी यादव के जवाबी हमलों पर पलटवार करते हुए अपने मंत्रालय द्वारा किए गए कामों को गिनाने के साथ ही राजद पर तीखा प्रहार किया है।
मांझी ने राजद को गिनाए अपने काम
जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि अब देखिए ना बिहार का बंटाधार करने वाले राजद वाला सब हमसे सवाल पूछ रहा है कि मांझी जी का मंत्रालय बिहार में का-का किया, तो सुन लिजिए राजद वालों, बिहटा के सिकंदरपुर में लगभग अरबों रूपए का टेक्नॉलॉजी सेंटर बनाकर जनता को समर्पित कर दिया और लगभग अरबों रूपए का टेक्नोलॉजी सेंटर गया में बन रहा है।
‘भैंस के आगे बीन बजाये, भैंस खड़ी पगुराय’
मांझी ने अपने कामों को गिनाते हुए आगे लिखा- 7 गो टेक्नोलॉजी एक्सटेंशन सेंटर बिहार के अलग-अलग जिले में स्थापित किया। गया जी में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के सेंटर फॉर एक्सलेंट खोला जा रहा है। बोधगया में SC/ST हब की शाखा स्थापित किया गया है, जिसमें कइयों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। कई लाख लोगों को रोजगार मुहैया कराया गया। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत लगभग 40 हज़ार कामगारों को सिलाई मशीन, वाशिंग मशीन, खिलौना बनाने की मशीन, राज मिस्त्री आदि का किट बांटा गया।
जीतन राम मांझी ने आगे लिखा कि, ई तो खाली बानगी है, कितना गिनाए ई सब को। उंगलियां थक जाएगा बाबू , ज्यादा हल्ला गुल्ला मत करो। यह तो वही बात हुआ… ‘भैंस के आगे बीन बजाये, भैंस खड़ी पगुराय’
MLC की एक सीट पर ठोका दावा
बता दें कि जीतन राम मांझी ने कल सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात भी की थी। सीएम से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मांझी ने कहा कि, हमे बिहार विधान परिषद में 1 सीट चाहिए। उन्होंने कहा कि, हमारी मांग बहुत पहले से है। हमारे 5 विधायक हैं। 1 MLC हैं और 1 मंत्री हैं। हम किसी भी पार्टी से कमजोर नहीं है। MLC की 1 सीट हमें कम से कम मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि, इस मांग को लेकर हम केंद्रीय मंत्री से भी मुलाकात करेंगे। फिलहाल सम्राट जी से सकारात्मक बात हुई है।
18 जून को होगा 10 सीटों पर मतदान
आपको बता दें कि चुनाव आयोग ने आज ही जून में खाली हो रहे बिहार विधान परिषद की 9 सीटों और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई एक रिक्त सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन सीटों पर 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन देर शाम नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- नशे में धुत शराबियों ने रेस्टोरेंट में लगाई आग, पत्नी का जेवर गिरवी रख युवक ने खोली थी दुकान

