Bihar News: बिहार के जमुई, समस्तीपुर और मधेपुरा में युवतियों की साथ हुई छेड़खानी और बदसलूकी की घटना को लेकर पूरे बिहार के लोगों में आक्रोश का माहौल है। वहीं, इस मुद्दे पर सियासत भी देखने को मिल रही है। सत्ता पक्ष के लोग जहां कार्रवाई होने की दुहाई देकर सब कुछ ठीक होने का दावा कर रहे हैं। वहीं, विपक्ष के नेता बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर लगातार हमलावर है। इस बीच केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का बड़ा बयान सामने आया है।

‘लालू राज में अपराधियों के साथ होता था समझौता’

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान इन घटनाओं पर जीतन राम मांझी ने कहा कि, अब घटना होते ही कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा कि, हम लालू यादव के साथ भी रहे हैं। उस समय अपराधियों के साथ समझौता किया जाता था। तेजस्वी यादव को अपने पिता का समय याद करना चाहिए।

सबका ईलाज होगा- मांझी

वहीं, समस्तीपुर में किशोरी के साथ बदसलूकी की घटना पर जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, बिहार के समस्तीपुर में युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं शर्मनाक है। ऐसी घटनाएं सभ्य समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। वैसे किसी को ज़्यादा व्याकुल होने की आवश्यकता नहीं, महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से हमारी सरकार किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। सबका ईलाज होगा, हां अब हमारी सरकार ईलाज होम्योपैथिक दवा से नहीं करती बल्कि एलोपैथी वाला ईलाज होता है। वह भी ऑपरेशन करके।

राम कृपाल यादव ने तेजस्वी को चश्मा बदलने की दी सलाह

वहीं, तेजस्वी यादव द्वारा इन घटनाओं पर सीएम सम्राट चौधरी का इस्तीफा मांगने पर बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि, बिहार में कानून व्यवस्था बिल्कुल दुरुस्त है। कुछ अपराध की घटनाएं हुई हैं और गिरफ्तारी भी हुई हैं। नेता प्रतिपक्ष राजनीतिकरण कर रहे हैं। सरकार के कामों को उनका चश्मा नहीं देख पा रहा है। चश्मा बदल लीजिए। आपकी सरकार में न कानून व्यवस्था थी और न विकास होता था।

प्रशांत ने सीएम सम्राट पर बोला हमला

वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि, मैंने पहले भी कई बार कहा है जिस राज्य का मुखिया अनपढ़ और अपराधी होगा, वहां पर अपराध मुक्त समाज की बात करना बेईमानी है। राज्य के मुखिया को ऐसा लगता है कि एनकाउंटर करने से बिहार में व्यवस्था आ सकती है। ललन सिंह और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच में तय होना है कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। हर जिले के एसपी और मुख्य पदों पर जदयू और भाजपा के नेतृत्व अपना-अपना वर्चस्व बनाने में लगे हैं।

ये भी पढ़ें- ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में युवाओं ने चिराग से किया सीधा संवाद, पेपर लीक से रोजगार तक हुई चर्चा