शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी को खुली चेतावनी दी है। पटवारी ने राज्यसभा की तीसरी सीट की अटकलों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करें, नहीं तो ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि 500% राज्यसभा में कांग्रेस का मेंबर तैयार है। मीनाक्षी नटराजन ही जाएंगी। बीजेपी लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करें तो स्वागत योग्य है, लेकिन लोकतांत्रिक मर्यादाओं को लेकर हटधर्मिता की तो ईंट का जवाब पत्थर से मिलेगा, बीजेपी याद रखे।
ये भी पढ़ें: MP में तीसरी सीट को लेकर घमासानः बीजेपी ने सभी विधायकों को भोपाल में रोका, इधर कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 59 MLA हुए शामिल
महंगाई पर भी बोला हमला
महंगाई पर पीसीसी चीफ ने कहा कि मोदी जी ने अच्छे दिन का वादा किया था। 125 पेट्रोल डीजल पार, 100 के पार डॉलर, 1000 के पास सिलेंडर और 114000 करोड़ का सोना बेच दिया। 100 लाख करोड़ 1 ट्रिलियन डॉलर सिर्फ तीन लोगों के पास पहुंच गया। 90 करोड़ लोग सरकारी राशन पर निर्भर है। यह विकसित भारत की तस्वीर है। 12 साल में 6 बार हाथ जोड़कर मोदी ने कहा देश बचा लो। पहले विश्व के प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने 12 साल के कार्यकाल में जनता से गुहार लगाई कि देश को बचा लो, गजब है।
हालात बद से बदत्तर- जीतू पटवारी
जीतू पटवारी ने कहा कि हालात बद से बदत्तर है। राहुल गांधी ने समय से पहले ट्रेड डील को लेकर चेताया था। जब 9 लाख करोड़ रुपए का सामान कंपलसरी खरीदना पड़ेगा तो डॉलर की कीमत बढ़ेगी और महंगाई पर इसका असर पड़ेगा, जो हमें दिख रहा है। भयानक बेरोजगारी, भयानक भ्रष्टाचार है। अर्थव्यवस्था और विदेश नीति दोनों फेल हैं। यह सिर्फ नफरत की राजनीति कर सकते हैं। लोकतंत्र खरीदकर सत्ता में काबिज होना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें: Rajya Sabha Elections 2026: MP से तीसरा प्रत्याशी उतार सकती है BJP, विधायकों को भोपाल न छोड़ने के निर्देश
तीसरी सीट को लेकर सियासी पारा हाई
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा गरम है। तीसरी सीट पर मुकाबले की बढ़ती आशंकाओं के बीच बीजेपी शीर्ष नेतृत्व ने एक बड़ा कदम उठाया है। भाजपा ने अपने सभी विधायकों को सोमवार तक भोपाल में ही रुकने के निर्देश दिए हैं। कैबिनेट मंत्री और मुख्य सचेतक कैलाश विजयवर्गीय के तीसरी सीट को लेकर दिए गए संकेतों के बाद अब यह साफ हो गया है कि बीजेपी तीसरी सीट पर कब्ज़ा जमाने के लिए पूरा जोर लगाने की तैयारी में है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी अपने खेमे को एकजुट रखने में जुटी है।
राज्यसभा की तीसरी सीट का गणित
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर जीत दर्ज करने के लिए 58 विधायकों के वोटों की जरूरत है। सदन में वर्तमान दलीय स्थिति और आंकड़ों का गणित कुछ इस प्रकार है…
- बीजेपी के पास कुल विधायक: 164
- कांग्रेस के पास कुल विधायक: 64
- वोटिंग में शामिल होने वाले कांग्रेस विधायक: 62 (कांग्रेस के राजेंद्र भारती और मुकेश मल्होत्रा मतदान नहीं कर सकेंगे)
- बीजेपी का समीकरण (2 सीटों के बाद 48 अतिरिक्त वोट)
- भाजपा को अपनी शुरुआती दो सीटें आसानी से जीतने के लिए 116 वोटों की आवश्यकता होगी। इसके बाद भी पार्टी के पास 48 अतिरिक्त वोट बचेंगे।

