JJM Scam: राजस्थान की सियासत में इन दिनों 960 करोड़ के जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले ने हड़कंप मचा रखा है। जयपुर की एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने पूर्व मंत्री महेश जोशी को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। कोर्ट ने उन्हें 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। खबर है कि जैसे-जैसे पूछताछ आगे बढ़ रही है, इस बड़े खेल के तार अब सरहद पार यानी विदेश तक जुड़ते दिख रहे हैं।

इस पूरे कांड में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पता चला कि घोटाले का मुख्य खिलाड़ी और दलाल संजय बड़ाया पुलिस की भनक लगते ही थाईलैंड फुर्र हो गया है।
सूत्रों की मानें तो संजय बड़ाया सिर्फ एक दलाल नहीं, बल्कि इस पूरे सिंडिकेट का मास्टरमाइंड है। वह पूर्व मंत्री महेश जोशी और रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल, दोनों की आंखों का तारा था। उसका काम सिर्फ फाइलें आगे बढ़ाना नहीं था, बल्कि वह विभाग में ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर टेंडर सेट करने तक का सारा ठेका लेता था।
एसीबी की जांच में सामने आया है कि संजय के पास ही पैसों के लेनदेन का पूरा हिसाब रहता था। जैसे ही जांच की खबरें सामने आई तो वह थाईलैंड फरार हो गया। अब एसीबी उसके वापस लौटने का इंतजार कर रही है ताकि उसे एयरपोर्ट से ही दबोचा जा सके।
साल 2023 में जब इस घोटाले की परतें खुलनी शुरू हुईं तब इसका खुलासा हुआ। बता दें कि महेश जोशी पर आरोप है कि उन्होंने नियमों को ताक पर रख दिया। मैसर्स गणपति ट्यूबवेल और मैसर्स श्री श्याम ट्यूबवेल नाम की दो कंपनियों को करोड़ों के ठेके दिए गए।
इन कंपनियों ने इरकॉन इंटरनेशनल के नाम पर जाली और फर्जी सर्टिफिकेट लगाए थे। एसीबी अब तक इस मामले में 11 लोगों को जेल की हवा खिला चुकी है।
एसीबी के डीजी गोविंद गुप्ता ने जानकारी में बताया कि पूर्व मंत्री से पूछताछ के लिए सवालों की लंबी लिस्ट तैयार है। हालांकि टीम मुख्य रूप से जानना चाहती है कि घोटाले की इतनी मोटी रकम आखिर गई कहां और उसे कहां इन्वेस्ट किया गया? फर्जी सर्टिफिकेट वाली कंपनियों को टेंडर देने के लिए किस अधिकारी पर दबाव बनाया गया? साथ ही संजय बड़ाया और फरार चल रहे अन्य साथियों के साथ पैसों का बंटवारा कैसे होता था?
पढ़ें ये खबरें
- CG Crime : शेयर ट्रेडिंग के नाम पर महिला से 25 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार
- बेटे ने की मां की हत्या: खाना नहीं देने पर डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार
- काराकाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूटकांड के दो आरोपी और खरीदार आभूषण दुकानदार गिरफ्तार
- बागी सांसदों पर कार्रवाई की मांग, अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर को सौंपीं 20 अयोग्यता याचिकाएं
- समझौते की डोर भी नहीं बचा सकी रिश्ता: दहेज की मांग और तीन बार तलाक बोलकर दी धमकी, विवाहिता ने दर्ज कराया केस
