नामकुम। रांची में सेना, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) और रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र थमा रहा था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कोलकाता मिलिट्री इंटेलिजेंस ने रांची पुलिस के साथ संपर्क किया। गुप्त सूचना के आधार पर रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई।
इसके बाद कोलकाता मिलिट्री इंटेलिजेंस और नामकुम पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान सेना में फर्जी बहाली से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे, जिसके बाद पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य गौतम कुमार को गिरफ्तार किया।
गौतम कुमार रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित आरटीसी स्कूल, लवकुश टावर का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस फर्जीवाड़े में कितने लोग शामिल हैं, कितने युवाओं को ठगी का शिकार बनाया गया और फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।



