Jodhpur Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (4 जुलाई) को जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया। इसी कार्यक्रम के दौरान उड़ान (UDAN) योजना के दूसरे चरण की भी शुरुआत की गई। समारोह में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े भी मौजूद रहे।

करीब ₹480 करोड़ की लागत से बना यह नया टर्मिनल 37 एकड़ में विकसित किया गया है। पुराने टर्मिनल की तुलना में इसका आकार लगभग सात गुना बड़ा है। इसके शुरू होने से मारवाड़ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
सालाना 20 लाख यात्रियों को मिलेगी सुविधा
23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह आधुनिक टर्मिनल हर साल करीब 20 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालने में सक्षम होगा। पहले की तुलना में एयरपोर्ट की यात्री क्षमता लगभग 10 गुना तक बढ़ जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां छह एयरोब्रिज बनाए गए हैं, जिससे विमान तक सीधे पहुंचना आसान होगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस नया टर्मिनल
यात्रियों के बेहतर अनुभव को ध्यान में रखते हुए टर्मिनल में कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इनमें 20 चेक-इन काउंटर, तीन आधुनिक कन्वेयर बेल्ट, दो वीआईपी लाउंज, एक एग्जीक्यूटिव लाउंज और 240 यात्रियों के लिए चार्जिंग प्वाइंट वाली सीटें शामिल हैं। वहीं, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सात चार्जिंग स्टेशन भी बनाए गए हैं।
विमान पार्किंग क्षमता भी तीन गुना
नए टर्मिनल के साथ एयरपोर्ट की विमान पार्किंग क्षमता भी बढ़ाई गई है। पहले जहां चार विमान एक साथ पार्क हो सकते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 12 हो जाएगी। इससे भविष्य में उड़ानों की संख्या बढ़ाने में भी आसानी होगी।
राजस्थानी संस्कृति की झलक, पर्यावरण का भी ध्यान
जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल आधुनिक सुविधाओं के साथ राजस्थानी कला और संस्कृति की खूबसूरत झलक भी पेश करता है। भवन का निर्माण पर्यावरण के अनुकूल मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है और इसे 5-स्टार GRIHA रेटिंग दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। नए टर्मिनल के शुरू होने से जोधपुर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है।
पढ़ें ये खबरें
- Bihar Morning News : छात्र संगठनों का गर्दनीबाग धरनास्थल पर विरोध प्रदर्शन, पीएचडी शोधार्थियों का लोकभवन मार्च
- ब्लू वाटर में डूबे युवक का दो दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग, कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से की पार्क बंद करने और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग
- जापान की तकनीक, UP के किसानों की ताकत; खेती से बदलेगी प्रदेश की अर्थव्यवस्था
- मोदी चालीसा, राम का अवतार… दिल्ली में पीएम को भगवान बताने पर भड़के साधु-संत, कहा- राजनीतिक रोटी सेंकने नहीं सहेंगे भगवान का अपमान नहीं
- कैलारस शुगर मिल फिर से होगी शुरू, राज्य शासन की तरफ से एमएसएमई विभाग ने आमंत्रित की रुचि की अभिव्यक्ति

