वीरेंद्र कुमार, नालंदा। बिहारशरीफ शहर में जमीन बेचने के नाम पर करीब 3 करोड़ रुपये की कथित ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले में लहेरी थाना पुलिस ने जॉन डियर ट्रैक्टर शोरूम के मालिक नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

फर्जी मालिक बनकर की हेरफेर

थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि, आरोपित ने एनएच बायपास स्थित सिपाह मौजा की 10 डिसमिल जमीन को लेकर फर्जी मालिक और फर्जी आधार कार्ड के सहारे सौदा कर पीड़ित से करोड़ों रुपये वसूल लिए। रामचंद्रपुर (शिवपुरी) निवासी व पाल इलेक्ट्रिक के प्रोपराइटर बीरेंद्र प्रसाद की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के बाद कार्रवाई की गई।

छानबीन में जुटी पुलिस

पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने बैंक खाते और चेक के माध्यम से कुल 3 करोड़ रुपये का भुगतान किया था, लेकिन बाद में पता चला कि जमीन के वास्तविक मालिक ने कोई बिक्री ही नहीं की थी। लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपित के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा आरोपित के पुराने रिकॉर्ड और अन्य संभावित ठगी के मामलों की भी पड़ताल की जा रही है।

ये भी पढ़ें- ‘हल्ला किया तो गोली मार देंगे’, बिहार में बंदूक की नोक पर ज्वेलरी शॉप से 25 लाख की लूट, मचा हड़कंप