संजय पाटीदार, भोपाल। शिक्षक माध्यमिक एवं प्राथमिक गायन, वादन, संगीत एवं नृत्य भर्ती 2022 के 1144 चयनित अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। चयन सूची में नाम आने और दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बावजूद नियुक्ति आदेश जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थी सोमवार 1 जून को लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल में प्रदर्शन करेंगे। अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन आठ महीने बाद भी नियुक्ति नहीं दी गई, जिससे उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है।

दरअसल, भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2022 में शुरू हुई थी और चयन सूची सितंबर 2025 में जारी कर दी गई थी। नियमों के अनुसार, तीन महीने के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक न पात्र अपात्र सूची जारी हुई है और न ही चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई है। उनका आरोप है कि पिछले कई महीनों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं और हर बार नए कारण बताकर मामला टाल दिया जाता है।

ये भी पढ़ें: चारधाम यात्रा के नाम पर ऑनलाइन ठगी से सावधान: भोपाल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, यहां करें शिकायत

चयनित उम्मीदवारों ने यह भी सवाल उठाया है कि अन्य विषयों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। जबकि संगीत और नृत्य विषय के अभ्यर्थियों को अब तक इंतजार कराया जा रहा है। उनका कहना है कि दस्तावेज सत्यापन पूरा हुए भी कई महीने बीत चुके है लेकिन फिर भी नियुक्ति को लेकर कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं दी जा रही।

ये भी पढ़ें: जनगणना 2027: मध्यप्रदेश में पहले चरण का टास्क पूरा, 55 जिलों के करीब 55 हजार गांवों में हुआ डोर-टू-डोर सर्वे

चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने कई बार डीपीआई और शासन स्तर पर अपनी बात रखी। नवंबर 2025, जनवरी 2026, फरवरी 2026, मार्च 2026 और अप्रैल 2026 में कई दौर की मुलाकातों के बावजूद हर बार अलग-अलग कारण बताकर मामला टाल दिया गया। कभी कोर्ट केस का हवाला दिया गया तो कभी दस्तावेज सत्यापन लंबित होने की बात कही गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m