शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनुआभान टेकरी पर बदमाशों ने लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। घूमने गए एक कपल को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर तीन बदमाशों ने लूटपाट की और विरोध करने पर युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना कोहेफिजा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात की बताई जा रही है। बदमाश युवक का iPhone-15 और युवती की सोने की चेन व टॉप्स ले गए।

चाकू की नोक पर दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित हर्ष शर्मा जो पेशे से पत्रकार हैं, अपनी एक महिला मित्र के साथ गुरुवार रात मनुआभान टेकरी पर घूमने गए थे। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और चाकू की नोक पर धमकाते हुए लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने युवक से उसका महंगा iPhone-15 और युवती के गले की सोने की चेन व कानों के टॉप्स उतरवा लिए। लूटपाट के दौरान जब युवक ने विरोध किया, तो बदमाशों ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुंचे दतिया: मां पीतांबरा के दर्शन कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

पुलिस जांच और एक्शन

वारदात की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। राजधानी में इस तरह की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं, फिलहाल पुलिस टेकरी के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m