पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक ही रात में दो युवकों की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।सेक्टर-19 निवासी 20 वर्षीय संजीत की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सबसे दर्दनाक बात यह है कि संजीत छह दिन पहले ही बेटे का पिता बना था और शुक्रवार रात घर में बेटे के नामकरण समारोह की खुशियां मनाई जा रही थीं।
इसी दौरान संजीत किसी काम से घर से बाहर निकला। रास्ते में उसने अपने कजिन को फोन कर बताया कि कुछ युवक उसका पीछा कर रहे हैं। परिजन उसकी तलाश में निकले तो सेक्टर-19 इंडस्ट्रियल एरिया के अंडरपास के पास वह गंभीर हालत में मिला। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने हत्या का शक अर्जुन कश्यप पर जताया था, लेकिन मामला तब और रहस्यमय हो गया जब कुछ ही घंटों बाद उसी घटनास्थल के पास अर्जुन का शव भी बरामद हो गया।बताया जा रहा है कि संजीत और अर्जुन पहले दोस्त थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच रंजिश हो गई थी। अब दोनों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हो रही जाँच
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस दोहरे हत्याकांड में कुछ अन्य लोगों की भी भूमिका हो सकती है।एक ही रात में दो युवकों की मौत… और अब सवाल यह कि आखिर इस खूनी वारदात के पीछे कौन है? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।

