रांची। JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और न्यायिक जांच की मांग को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में 26 दिनों से चल रहा छात्रों का आंदोलन बुधवार को फिलहाल स्थगित कर दिया गया। आंदोलन स्थगित करने के बाद छात्रों ने आभार यात्रा निकालकर सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया। छात्रों ने कहा कि सरकार की ओर से उनकी प्रमुख मांगों पर दिए गए आश्वासन और परीक्षाओं को रद्द करने के फैसले के बाद आंदोलन के पहले चरण को दो महीने के लिए स्थगित किया गया है।

आभार यात्रा निकालकर सरकार का जताया आभार

आंदोलन स्थगित होने के बाद छात्रों ने शाम को आभार यात्रा निकाली। इस दौरान छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। छात्र नेताओं ने कहा कि सरकार ने छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनकी मांगों पर गंभीरता दिखाई और संबंधित परीक्षाओं को रद्द करने की दिशा में कदम उठाया।

दो अनशनकारी छात्रों का अनशन भी तुड़वाया गया

आंदोलनकारियों ने आपसी सहमति से शाम 4:30 बजे आंदोलन के पहले चरण को स्थगित करने का निर्णय लिया। इसके बाद पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में दो अनशनकारी छात्रों का अनशन भी समाप्त कराया गया।

छात्र नेता राधे कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से दिए गए आश्वासन और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आंदोलन को फिलहाल स्थगित किया गया है।

आंदोलन खत्म नहीं, दो महीने के लिए स्थगित

छात्र नेता उमेश प्रसाद ने स्पष्ट किया कि आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि दो महीने के लिए स्थगित किया गया है। छात्रों की नजर अब सरकार की ओर से की जाने वाली कार्रवाई पर रहेगी।

न्यायिक जांच की मांग अब भी कायम

छात्रों ने कहा कि JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की न्यायिक जांच उनकी प्रमुख मांग है। सरकार को इस दिशा में ठोस कार्रवाई के लिए 60 दिनों का समय दिया गया है।

छात्र नेताओं के मुताबिक, सरकार ने न्यायिक जांच के लिए सहमति जताई है। अब यदि तय समय सीमा के भीतर जांच की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो छात्र दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे।यानी फिलहाल आंदोलन थम गया है, लेकिन छात्रों ने साफ कर दिया है कि 60 दिनों के बाद सरकार की कार्रवाई ही आंदोलन के अगले चरण की दिशा तय करेगी।