अजय सैनी ,भिवानी। सिंचाई विभाग के दो कनिष्ठ अभियंताओं की बहाली की मांग को लेकर सोमवार को इंजीनियर एसोसिएशन के सदस्यों ने सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

सुबह करीब 10 बजे सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता, पब्लिक हेल्थ, बीएंडआर और पंचायती राज विभाग के अभियंता धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनके साथी अभियंताओं को बहाल नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

कनिष्ठ अभियंता बिजेश जावला ने बताया कि हाल ही में अधीक्षण अभियंता द्वारा निरीक्षण के दौरान एक निर्माण कार्य में तकनीकी कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में सुधार के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद दोनों कनिष्ठ अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस का जवाब देने का अवसर दिए बिना ही निलंबित कर दिया गया, जिससे कर्मचारियों में रोष है।

प्रदर्शन कर रहे अभियंताओं का कहना है कि उन्हें अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसी के विरोध में सभी विभागों के कनिष्ठ अभियंता एकजुट होकर धरने पर बैठे हैं।

धरने के कारण सिंचाई, पब्लिक हेल्थ और अन्य विभागों के कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। विशेषकर गर्मी के मौसम में जलापूर्ति व्यवस्था और विकास कार्यों पर असर पड़ सकता है। अभियंताओं ने सरकार से मांग की है कि दोनों निलंबित कनिष्ठ अभियंताओं को तुरंत बहाल किया जाए और उनकी मांगों पर जल्द समाधान निकाला जाए।