कृष्ण कुमार सैनी , भिवानी।घर में अभी शादी की खुशियों की गूंज खत्म भी नहीं हुई थी। रिश्तेदारों का आना-जाना लगा था और परिवार नई जिंदगी की शुरुआत का जश्न मना रहा था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनटों में यह खुशियां हमेशा के लिए मातम में बदल जाएंगी।
रास्ते में अचानक ऐसा हुआ कि कार में बैठे दोनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। एक पल में जोरदार टक्कर हुई और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
दरअसल, दिल दहला देने वाला यह हादसा हरियाणा के Bhiwani जिले के लोहारू क्षेत्र के बिसलवास गांव में हुआ। मृतकों की पहचान इंदीवाली निवासी 28 वर्षीय राकेश और उसके मामे के बेटे 15 वर्षीय योगेश के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि राकेश की शादी महज एक हफ्ता पहले हुई थी और वह अपने मामा के घर भात मोड़ने आया था। दोनों कार में सिलेंडर भरवाने जा रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में अचानक नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं, शादी के आठवें दिन दूल्हे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में मातम पसर गया।

